facebook लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
facebook लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 9 अगस्त 2014

बर्थडे डायरी..

 पापा फेसबुक नहीं करते। इसीलिए उनके दिमाग से बर्थडे रखना निकल गया। मुझे ख़ुद ही फोन करना पड़ा। मां की नींद रात ढाई बजे खुली तो फोन किया। मां फोन करना भी मुश्किल से सीख पाई है। अखबार-किताब-फोन-फेसबुक-नोटबुक जैसे झमेले उसकी ज़िंदगी में नहीं हैं तो सब कुछ याद रख लेती है। सबके जन्मदिन। बस मां को अपना ही जन्मदिन नहीं पता है। किसी को नहीं पता घर में। कई बार पूछा मगर कुछ और बोल कर टाल गई। जब वो सब को फोन कर के विश करती है तो मन तो उसका भी करता होगा कि कोई उसे विश करे।


फर्स्ट फ्लोर के ऊपर तीन लोग रहते हैं। सुबह उठते ही फेसबुक का नोटिस दिखा होगा तो बर्थडे विश करने के लिए फोन किया। नीचे उतर कर आ नहीं सके। अगल-बगल तीन पड़ोसी रहते हैं। तीनों ने एसएमएस किया। फोन नहीं कर पाए। पड़ोस के घर तक चलकर आने में तो सचमुच बहुत वक्त लग जाता होगा। हर बीस मिनट के अंतराल पर एक कॉल या एसएमएस आता रहा। पूरा दिन मोबाइल फोन के आसपास बीता। अमेरिका, कनाडा, रांची, जमशेदपुर, बिहार उत्तरप्रदेश, भोपाल, नेपाल और पता नहीं कहां-कहां से। दिल्ली में तो रह ही रहा हूं। जिसे भी जैसे ही फेसबुक पर दिखा, फट से फोन किया। कुछ लोगों को घर आने के लिए कहा भी, मगर उन्होंने इतने ज़रूरी बहाने बताए कि कोई नहीं आया।

शुक्रिया फेसबुक। कई जाने-अनजाने लोगों को मेरा बर्थडे याद दिलाने के लिए। कई बड़े लोग (किसी एक का नाम लिया तो बाक़ी लोग छोटा महसूस करने लगेंगे) जो फ्रेंड लिस्ट में हैं, उन्होंने भी टाइमलाइन पर विश किया तो मन हरा हो गया। कई महिला मित्रों के भी फोन आते रहे। कई-कई साल पुरानी दोस्त। कुछ ने प्यार किया। कुछ से प्यार रहा। सबसे नई प्रेमिका ने सबसे पहले फोन किया। सबसे पुरानी प्रेमिका का अब तक फोन नहीं आया। आने की उम्मीद भी नहीं है। पहले अफसोस करूं या खुश हो लूं, पता नहीं। ये सब आपकी ज़िंदगी में भी होता होगा। 
शादी के बाद का ये जन्मदिन एकदम अकेले गुज़रा। दो अकेले लोगों ने एक साथ गुब्बारे लगाए, केक काटा, फोटो भी खींची। महसूस भी किया कि बड़े होने का मतलब और अकेला होते जाना होता है। मेरी पत्नी कभी-कभी प्रेमिका की तरह पेश आने लगी हैं। फिलहाल आप सबके लिए दो-चार तस्वीरें शेयर कर रहा हूं। अपना ब्लॉग है तो कभी-कभी कविता-कहानी से हटकर भी कुछ बांटा जा सकता है। बचपना ही सही। है ना?


निखिल आनंद गिरि  

गुरुवार, 22 मार्च 2012

विवेक मिश्र की कहानियां चुराना मना है...

विवेक मिश्र को मैं पिछले कुछ महीनों से जानता हूं। उनकी कई कविताएं पढ़ी हैं। कुछ कहानियां भी पढ़ी हैं। एकाध साहित्यिक कार्यक्रमों में मंच पर भी साथ रहे हैं। शिल्पायन से छपा उनका कहानी-संग्रह ''हनियां तथा अन्य कहानियां'' लगभग पूरा पढ़ चुका हूं। विवेक मिश्र ने खुद ही ये किताब मुझे पढ़ने के लिए दी थी। उनसे जब भी मुलाकात हुई, 'हनियां' का ज़िक्र उनकी ज़ुबान पर ज़रूर आया। उन्हें उम्मीद भी रही होगी कि मैं 'हनियां' कहानी पढ़ते ही उन्हें फोन करूंगा और अपनी प्रतिक्रिया दूंगा। मगर, मैंने जब उन्हें फोन किया और उनके कहानी संग्रह पर बात की तो हनियां का ज़िक्र बहुत बाद में आया। पहला और सबसे ज़्यादा ज़िक्र 'तितली' का आया था। एक पाठक के लिहाज से यही कहूंगा कि हनियां एक सफल (चर्चित) और लंबी कहानी भले रही हो, मगर छोटी कहानी 'तितली' में विवेक मिश्र ज़्यादा ओरिजिनल लगते हैं।

पिता की मौत के बाद दिल्ली में घर में तीन अकेली लड़कियों की कहानी है' तितली'। 14 साल की बड़ी बेटी अंशु, छोटी बेटी बिन्नी और इन दोनों की विधवा मां। अंशु की उम्र उसे 'दिल्ली की हवा' में तितली की तरह उड़ने को बेकरार करती है, मगर एक अनजान-सा डर और मां-बिन्नी की चिंता उसे हर बार रोक लेती है। मगर, जब एक दिन दिल्ली की हवा अंशु को उड़ाकर ले जाती है तब उसे अहसास होता है कि अपनी भरपूर उड़ान के भरम में अपने पंख ही गंवा बैठी है। आखिर तक आते-आते कहानी बिन्नी के जवान होते हाथों में उस तितली को महफूज़ कर देती है। दिल्ली नाम के अंधे कुंए में अपनी मर्ज़ी से डूबने का एक चक्र जारी रहता है।

अचानक इस कहानी का ज़िक्र इसलिए क्योंकि फेसबुक पर हिंदी कहानी के जानकारों की वॉल के ज़रिए हाल ही में पढ़ने में आया कि जयश्री रॉय नाम की लेखिका पर उनकी कहानी ''बारिश, समंदर और एक रात..'' के लिए 'तितली' के कुछ हिस्से हूबहू 'चुराने' के आरोप थे। कथादेश में उनकी इस कहानी को पढकर ही पता चला कि वो गोवा में रहती हैं और बिहार से उनका ताल्लुक है। चर्चित कवियत्री और कहानीकार भी हैं। मेरा दुर्भाग्य कि मैं जयश्री जी को नहीं जानता। मैंने उनकी कहानी कई बार पढ़ी और सचमुच 'तितली' और 'बारिश, समंदर और एक रात...' लगभग एक जैसी कहानियां हैं। 'समंदर,बारिश और एक रात' जय श्री राय की कथादेश के मार्च-2012 में प्रकाशित कहानी है। यह कहानी भी एक युवा अवस्था में कदम रखती युवती की कहानी है जो अपनी ग्रेनी के साथ गोआ में रहती है। उसके पिता घर छोड़कर विदेश चले गए हैं। वह भी एक रात बाहर निकल कर एक आकर्षक युवक के संपर्क में आती है। उसके साथ जाकर दुनिया देखना चाहती है,जीना चाहती है। एक बहुत हसीन रात में लड़की का बॉयफ्रेन्ड लड़की को घर से बाहर पार्टी में चल कर एन्जाय करने को कहता है। वह मान जाती है दोनो नाचते-गाते हैं। करीब आते हैं, भरपूर प्यार करते हैं। उन्हें प्यार करते हुए लड़के के साथी देख लेते हैं। वह उसे एक खाली गोदाम में ले जाते हैं और नशे की हालत में उसके साथ बलात्कार करते हैं। लड़की को जब होश आता है। तब वह समंदर किनारे बैठी रह जाती है।

लोगों के नाम और जगह बदल दिए जाएं तो दोनों कहानियों में घटनाएं एक ही सिलसिले में होती नज़र आती हैं। कई जगह शब्द या पूरे-पूरे वाक्य भी मिलते नज़र आते हैं। मुमकिन है कि जयश्री ने 'तितली' पढ़ी हो और उस कहानी से प्रेरित होकर अपनी कहानी गढ़ी है, जो मुझे ग़लत नहीं दिखता। दुख इस बात का है कि फेसबुक पर दोनों 'पक्षों' (खेमों) की ओर से तमाम तरह के उल्टे-सीधे तीर चलते रहे और आखिर में जयश्री रॉय ने विवेक मिश्र से माफी मांग ली। हिंदी के लगभग तमाम लेखकों को तो वैसे भी अपनी जेब से पैसा खर्च कर लिखना-छपना पड़ता है और उस पर भी अगर रही-सही पूंजी यानी कहानी में ही सेंध पड़ने लगे तो बेचारा लेखक क्या करेगा। कई बार मैं भी अपने ब्लॉग का सामान किसी और ब्लॉग पर उस ब्लॉगर के नाम से छपा देख चुका हूं। मगर, मुझे इस मामले को 'कानूनन' आगे बढ़ाने के कोई नियम ही नहीं पता। अगर आप मदद कर सकें, तो मेहरबानी होगी।

हैरत की बात ये है कि विवेक मिश्र के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। उनकी 'हनियां' कहानी किसी टीवी सीरियल ने हूबहू उड़ा ली तो मामला कोर्ट तक चला गया। एक और कहानी 'बदबू' के बारे में तो कुछ पाठकों ने ये तक कह दिया कि गुलज़ार की कहानी 'हिलसा' में इसकी नकल दिखती है। हर बार विवेक मिश्र के साथ ही ऐसा क्यों होता है। फिल्मी दुनिया में इस तरह के आरोपों के पीछे पब्लिसिटी बटोरने के मकसद भी होते हैं, मगर हिंदी साहित्य की फटेहाल दुनिया में शायद ही विवेक मिश्र या जयश्री रॉय को इसका कोई फायदा होने वाला है। यहां मामला करोड़ों का नहीं कौड़ी भर का है।


निखिल आनंद गिरि
(इस विवाद में इतनी देर से टांग अड़ाने की वजह ये है कि मैं इन दिनों फेसबुक या बाहरी दुनिया से कटा हुआ था। जब जागा, तभी सवेरा...)


रविवार, 22 जनवरी 2012

पांड़े जी की प्रेमकथा और गांधी जी से सहानुभूति

कुछ लोग कहते हैं कि घर चलाना देश चलाने से भी ज़्यादा मुश्किल है। देश में आजकल कुछ भी अच्छा चल नहीं रहा। मां घर बहुत अच्छा चला लेती है। अगर मेरी मां के पास डिग्रियां होतीं तो वो शायद देश की राष्ट्रपति भी बन सकती थीं। अगर स्कूल में बच्चे बढ़ने लगें तो टीचर बढ़ा दिए जाते हैं। ज़्यादा टीचर ही नहीं, क्लास के भीतर भी दो-तीन मॉनिटर होते हैं। फिर देश तो इतना बड़ा है। जब मुल्क की आबादी तीस करोड़ थी तब भी देश में एक ही प्रधानमंत्री था। अब जब आबादी चार गुना बढ़ी है तो प्रधानमंत्री चार क्यों नहीं हुए। इतने बड़े देश में क्या आपको एक प्रधानमंत्री एक-चौथाई प्रधानमंत्री की तरह नहीं लगता। आप इसे किसी पार्टी के खिलाफ या पक्ष में चुनाव प्रचार का हिस्सा मत समझिए। इससे पहले कि चुनाव आयोग कोई कार्रवाई करे, मैं हाथ को दस्ताने से ढंककर घूमता हूं। भला हो दिल्ली की इस सर्दी का। वैसे, मेरा विचार है कि हाथी-बैल की मूर्तियां ढंकने से अच्छा, गांधीजी की ही मूर्तियां ढंक दी जाएं। सब प्रचार-दुष्प्रचार तो उन्हीं के नाम पर होता है और इतनी ठंड में भी उघाड़े बदन खड़े रहते हैं चौक-चौराहे पर।


मेरे एक दोस्त हैं। पांड़े जी। बड़े उदास, अकेले और अलग-थलग रहने वाले इंसान। इंटरनेट की दुनिया से कोसों दूर थे। हमने एक दिन चिकेन के लालच में उनके यहां वक्त गुज़ारा और फेसबुक का नया नया चस्का लगा दिया। तीन दिन बाद पूछा कि कैसे हैं पांड़े जी। तो बोले कि भाई आप महान हैं। इतने सारे दोस्त मिल गए हैं कि और कुछ सोचने का टाइम ही नहीं बचता। फिर शरमाते हुए बोले कि एक कन्या भी मिल गईं हैं फेसबुक पर। बस बात बढी ही है। मैंने कहा, मिल भी आइए। बोले, नहीं मिलने का कोई चांस नहीं। पासपोर्ट बनाना होगा। दो दिन बाद फिर फोन किया तो पता चला पासपोर्ट ऑफिस के पास खड़े हैं। फटाफट पासपोर्ट वाला जुगाड़ ढूंढ रहे हैं। सात दिन में पासपोर्ट हाथ में और फिर विदेश। हमने कहा कि विदेश जाने से पहले हमारे नाम पर एक मुर्गी की कुर्बानी तो बनती है। संडे को मुर्गी खाने पहुंचे तो देखा न मुर्गी है न पांड़े जी का रोमांटिक मूड। हमने पूछा क्या हुआ तो बोले कि अरे यार, ई फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दीजिए हमारा। साला, बहुत गड़बड़ चीज़ है। एक हफ्ता टाइम बरबाद हो गया। जैसे ही प्रोपोज किए, ब्लॉक कर दिया हमको। हद्द है, बताइए, हम कोई ऐसा-वैसा आदमी हैं क्या। अगर कोई और है तो बता देती। हमको रोज़ चैट पर एतना टाइम क्यों देती थी। चूंकि पांड़े जी मुर्गी अच्छी पकाते थे, तो हमने उनका हौसला बढ़ाया और कहा, ‘’पांड़े जी, फेसबुक के आगे जहां और भी है...’’..

बहरहाल, पांड़े जी ने ठान लिया है कि अब इस फेसबुक पर अपनी प्रेम कथा की हैप्पी एंडिंग ढूंढ कर ही रहेंगे। हिंदुस्तान न सही, पाकिस्तान में ही सही। फेसबुक पर क्या पंडित, क्या मौलवी, सब एक ही स्टेटस के चट्टे-बट्टे हैं। यूं भी इस देश में धर्मनिरपेक्षता का आलम ये है कि 22 कैरेट पंडित के घर में भी बच्चे सलमान, आमिर या शाहरुख ख़ान बनने का सपना देखते हैं और मांएं फिर भी खुश होती हैं।

निखिल आनंद गिरि

गुरुवार, 7 अप्रैल 2011

अन्ना का आंदोलन और साइड इफेक्ट्स...

वो बहुत दिनों से पब्लिसिटी के भूखे थे। दिल्ली के एक होटल में कमरा बुक कराकर रहते थे कि किसी एक दिन पार्टी का टिकट मिल जाए तो मशहूर हो जाएं। अन्ना ने दिल्ली आकर आंदोलन शुरू कर दिया तो उन्हें लगा कि उम्र भर की साध पूरी हो गई। इस एक आंदोलन में कूदने का मतलब उम्र भर की टीआरपी मुफ्त में मिल जानी थी। फिर क्या था, अन्ना अन्ना करते जा कूदे भीड़ में। मीडिया पहले से थी ही, तो कैमरे के आगे भी अन्ना अन्ना शुरू कर दिया। गलत-सलत उच्चारण के साथ एकाध कविताएं भी सुना डालीं। मीडिया को ऐसी कविताएं बहुत पसंद थीं, उन्होंने कवि महोदय को हाथों हाथ लिया और लगे हाथ स्टूडियो बुला लिया। अन्ना पड़े हैं आमरण अनशन पर। जिन्हें पब्लिसिटी चाहिए, उन्हें स्टूडियो मिल रहे हैं। एसी में पीने का पानी और खाने को स्नैक्स भी उपलब्ध हैं। किरण बेदी तो तीन बार कपड़े बदल चुकी हैं और आमरण अनशन में शामिल होकर इतनी खुश हैं कि पूछिए मत। मीडिया ज़िंदाबाद का नारा भी लगा चुकी हैं।


हमारी कॉलोनी में एक मजबूर पतिदेव रहते हैं। शिफ्ट खत्म करने के बाद वो घर लौटे तो पत्नी बिफर पड़ीं। पति महोदय को याद आया कि अरे, आज तो चिड़ियाघर ले जाना था बच्चों को। सॉरी सॉरी कहते रहे मगर पत्नी मानने को तैयार ही नहीं। अचानक टीवी पर जंतर मंतर की तस्वीरें दिखीं कि कोई बूढा आदमी अनशन पर है और वहां फिल्म से लेकर मीडिया की बड़ी बड़ी हस्तियां उपलब्ध हैं। पति ने फटाफट मुंह धोया और बच्चों को तैयार हो जाने का आदेश दिया। पत्नी को लगा कि पतिदेव का माथा खिसक गया है, मगर फिर भी तैयार हो ही गईं। बच्चों ने पूछा कि कहां जा रहे हैं तो पति ने कहा जंतर मंतर। बच्चे खुश हुए मगर पत्नी ने पूछा वहां क्यों। पतिदेव ने गियर तेज़ करते हुए कहा कि कोई अन्ना हैं वहां जिनको मरता हुआ देखने के लिए सब जा रहे हैं। थोड़ी देर रुकने पर मीडिया कवरेज के लिए पहुंच जाती है। बच्चों को ये सब समझ नहीं आया मगर कैमरे पर आने का सुख सोचकर वो चुप रह गए। पत्नी ने भी टाइमपास के लिए आंदोलन का हिस्सा बनना बुरा नहीं समझा। वो बहुत दिनों से चिड़ियाघर भी नहीं गई थी।

इधर फेसबुक पर वर्ल्ड कप के फाइनल की तस्वीरें अब तक टीआरपी बनाए हुए थीं। देशभक्ति के स्लोगन और पाकिस्तान-श्रीलंका को गालियां देकर एक से बढ़कर एक हिंदुस्तानी महान बनने की जुगत में थे। अचानक मुंबई से फेसबुक का ध्यान दिल्ली की ओर शिफ्ट हो गया। कोई अन्ना थे जो भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में मरने को तैयार थे। देश में भूख से मरने वालों की रिपोर्ट कई दिनों से टीवी पर चली नहीं थी, मगर अन्ना ने उन्हें सद्बुद्धि दी थी। फेसबुक पर फिर से देशभक्ति का बाज़ार गर्म है। अन्ना पर स्टेटस अपडेट करना फैशन है। हर कोई बहती गंगा में हाथ धोना चाहता है। कुछ न कुछ लाइफ में होते रहना चाहिए। साले एफएम वाले बोर करते हैं अब। एक ही जैसे चुटकुले सुनकर ज़िंदगी भर हंसा तो नहीं जा सकता। टीवी पर बड़े बड़े फांट में अखबार पढ़पढ़कर आंखे बाहर होने लगी हैं। दिल्ली को कुछ नया चाहिए। रंग दे बसंती टाइप। तो अन्ना हैं ना। अंग्रेज़ी में कहें तो ऑसम (AWESOME) माहौल है जंतर-मंतर पर। मनमोहन सरकार का इससे कुछ उखड़ेगा या नहीं, ये कहना जल्दबाज़ी होगी, मगर दिल्ली के लिए अन्ना किसी सुड या लव गुरू से ज़्यादा बेहतर टाइमपास हैं। कम से कम वहां जाने पर लगता है कि कुछ किया है। गर्लफ्रेंड के साथ वहीं बैठ लिए थोड़ी देर तो इंप्रेशन भी अच्छा जमता है। फेसबुक पर अपील हो रही है कि अन्ना के लिए चले आइए। उस एक नेक बूढे आदमी के लिए चले आइए। प्लीज़ चले आइए। क्योंकि एक अन्ना मरे तो हज़ार अन्ना पैदा नहीं होने वाले। कम से कम दिल्ली में स्वार्थ की गुटबाज़ी के सिवा कोई जमात नहीं बनती, इतना तो सबको पता है। मुझे भी...

निखिल आनंद गिरि

शुक्रवार, 5 नवंबर 2010

दीपावली पर 50 झंडू गानों का 'म्यूज़िकल बम'

बात कुछ यूं शुरू ही थी कि सितंबर के महीने में हम कानपुर घूमने निकले थे और अचानक अंताक्षरी के बीच कुछ दिलचस्प गानों का ज़िक्र होने लगा जिनका हुलिया आम हिंदुस्तानी गानों से थोड़ा अलग होता है.....इन्हें ‘झंडू’ गानों की कैटेगरी में रखा जा सकता था। दिमाग में ऐसे कई गाने एक साथ घूमने लगे और भीतर गुदगुदी होने लगी। फिर, कुछ ही दिन बाद हमारे दोस्त गौरव सोलंकी ने फेसबुक पर ऐतराज़ जताया कि इस बार के नेशनल अवार्ड में जिस गीत को पुरस्कार मिला है, उससे बेहतर गीतों को नज़रअंदाज़ कर दिया गया है। बात में दम था, तो हमने मज़ाक में ही एक ऐलान कर दिया कि ‘झंडू’ गानों का नया क्लब शुरू करते हैं...उन्हें हम अलग से अवार्ड देंगे। फेसबुक पर दो-चार झंडू गानों का स्टेटस लगाया और सोचा कि भड़ास पूरी हो गई। मगर, दोस्तों ने ऐसा बेहतरीन रिस्पांस दिया कि गानों की लिस्ट लंबी होती चली गई। फेसबुक पर कई अनजान दोस्तों ने भी गाने भेजे, और भेजते रहे। फिर हमारे पुराने ‘मनचले’ साथियों के पास झंडू गानों की भरमार थी, तो उन्होंने भी भरपूर मदद की। कई नए झंडू गाने मिले जिनसे मेरे दिमाग का पाला पहले नहीं पड़ा था। मैंने एफएम रेडियो के अपने दो-तीन साथियों से इन गानों पर बात भी कि क्या इन गानों पर आधारित कोई शो शुरू नहीं हो सकता। उन्होंने लगभग टाल ही दिया मगर उम्मीद हमने छोड़ी नहीं है। इन गानों की क्वालिटी पर किसी तरह से शक नहीं किया जा रहा। न ही इन्हें किसी तरह का अवार्ड हम देने वाले हैं। हां, हमारे भीतर का ‘झंडू’ मन इन्हें बार-बार याद करता है, ये किसी अवार्ड से कम है क्या। आप एक-एक गाना पढ़िए, बार-बार पढ़िए और देखिए आपके भीतर गुदगुदी होती है कि नहीं। यही हमारी असली ‘झंडू’ पहचान है, जिसे हम छिपाते-फिरते हैं।

तो देवियों और सज्जनों, दीपावली के मौके पर पेश है 50 झंडू गानों का धमाका.... पटाखा फोड़िए, दीये जलाइए, लड्डू खाइए, हर मौक पर इन झंडू गानों को गुनगुनाते रहिए और दीवाली को संगीतमय बना दीजिए। कमेंट करके बताइएगा ज़रूर कि इनमें झंडू बम, झंडू फुलझड़ी, झंडू रॉकेट आपको कौन-कौन से लगे...ये लिस्ट नए साल के पहले शतक पूरा करेगी, इस भरोसे के साथ...
आपका ‘झंडू’ साथी
निखिल आनंद गिरि

झंडू गानों की दुनिया में आपका स्वागत है..

1) ले पपियां झपियां पाले हम...

2) मैं लैला-लैला चिल्लाऊंगा, कुर्ता फाड़ के....

3) खा ले तिरंगा गोरिया फाड़ के, जा झाड़ के...

4) अंखियों से गोली मारे, लड़की कमाल रे..

5) जब तक रहेगा समोसे में आलू

6) बाय बाय बाय गुड नाइट, सी यू अगेन...कल फिर मिलेंगे तेरे मेरे नैन

7) तालों में नैनीताल, बाक़ी सब तलैया...

8) मैं एक लड़का पों पों पों....तू इक लड़की पोंपोंपों

9) एबीसीडीइएफ.....पीपीपी पिया...

10) गले में लाल टाई,घर में एक चारपाई, तकिया एक और हम दो...

11) ठंडी में पसीना चले,ना भूख ना प्यास लगे...डैडी से पूछूंगा..

12) पागल मुझे बना गया है सीट्टी बजाके...चक्कर कोई चला गया है सीट्टी बजाके...

13) आ आ ई, उ उ ओ...मेरा दिल ना तोड़ो

14) टनटनाटनटनटनटारा...चलती है क्या नौ से बारा...

15) तुरुरुतुरुरू, तुरूतुरू........कहां से करूं मैं प्यार शुरू...

16) मच्छी बन जाऊंगी, कबाब बन जाऊंगी, बोतलों में डाल दो शराब बन जाऊंगी

17) लड़की ये लड़की कममाल कर गई, धोती को फाड़ के रुमाल कर गई(मेरे हिसाब से lyrics थोड़ा अलग है)

18) गुटुंर, गुटुर, चढ़ गया ऊपर रे, अटरिया पे लोटन कबूतर रे...

19) मैं साइकिल से जा रही थी, वो मोटर से आ रहा था, किया टिनटिन का इशारा मुझे बदनाम किया ना...

20) मैं तुझको भगा लाया हूं तेरे घर से,तेरे बाप के डर से

21) नीले नैनों वाला तेरा लकी कबूतर...

22) तूतक तूतक तूतक तूतिया, आई लव यू....

23) तूतूतू, तूतूतारा.....फंस गया दिल बेचारा...

24) अंगना में बाबा, बाज़ार गई मां..कइसे आएं गोरी हम तोहरे घर मा..

25) इंडारू पिंडारू, तेरी चलती कमर है लट्टू, बांधूं इसपे नज़र का पट्टू..

26) ज़हर है कि प्यार है तेरा चुम्मा...

27) सारेगमपधनी...यू आर माई सजनी...

28) आआई उउओ मेरा दिल ना तोड़ो...

29) अईअईए....मंगता है क्या....गिडबोलो (रंगीला)

30) मैं तो रस्ते से जा रहा था, भेलपुरी खा रहा था, लड़की घुमा रहा था....तेरी नानी मरी तो मैं क्या करूं..

31) पटती है लड़की पटाने वाला चाहिए....

32) ओये वे मिकान्तो, तू नहीं जानतो, प्यार करना बहोत ज़रूरी है

फिल्म - हाय मेरी जान (1991)

33) अईअईया..करूं मैं क्या सुकूसुकू...दिल मेरा... हो गया सुकूसुकू...

34) मेरी छतरी के नीचे आ जा, क्यूं भीगे है कमला खड़ी खड़ी....

35) rain is falling छमाछमछम....लड़की ने आंख मारी, गिर गए हम....

36) जब भी कोई लड़की देखूं, मेरा दिल दीवाना बोले...ओलेओले ओले..

37) आंख मारके बोले हाऊ आर यू..हाथ मिलाकर बोले हाऊ डुयूडू...शहर की लड़की...

38) हम है तुमपे अटके यारा, दिल भी मारे झटके...क्योंकि तुम हो हटके...

39) दिन में लेती है, रात में लेती है...सुबह को लेती है, शाम को लेती है..अपने प्रीतम का, अपने जानम का नाम लेती है..!! (अमानत)

40) डालूंगा, डालूंगा...प्यार से मैं डालूंगा...नौलखा हार तेरे गले में डालूंगा !!(अमानत)

41) पुट ऑन द घुंघरू ऑन माई फीट एंड वाच माई ड्रामा...नाचूंगा अइ, गाऊंगा अइसे..होगा हंगामा, मैं हूं गरम धरम....कैसी शरम (तहलका)

42) शॉम शॉम शॉम शॉम शोमू शाय शाय (तहलका, अमरीश पुरी गायक!!)

43) कबूतरी बोले कबूतर से....मुझे छेड़ ना छत के ऊपर से...

44) टकटकाटक..मुझे दिल ना दिया तूने जब तक..पीछा करूंगा तब तक...टकटकाटक (कर्तव्य)

45) सूसूसू आ गया मैं क्या करूं....(तराज़ू)

46) मैं हूं रेलगाड़ी, मुझे धक्का लगा,इंजन गरम है मुझे धक्का लगा...

47) आया आया आया तूफान, भागा भागा भागा शैतान...

48) दिल की गेट की नेम प्लेट पे, लिखा है तेरा ना...धकधकधुकधुक होती है सुबह शाम...बूबा बूबा...मैं महबूबा

49) चींटी पहाड़ चली मरने के वास्ते, लड़की हुई जवान लड़के के वास्ते (हसीना मान जाएगी)

50 ) तैनू घोड़ी किन्ने चढ़ाया, भूतनी के...तैनू दूल्हा किसन बनाया भूतनी के...

Subscribe to आपबीती...

ये पोस्ट कुछ ख़ास है

मृत्यु की याद में

कोमल उंगलियों में बेजान उंगलियां उलझी थीं जीवन वृक्ष पर आखिरी पत्ती की तरह  लटकी थी देह उधर लुढ़क गई। मृत्यु को नज़दीक से देखा उसने एक शरीर ...

सबसे ज़्यादा पढ़ी गई पोस्ट